टी२० विश्व कप में अफगानिस्तान की पहली जीत, यूएई को ५ विकेट से हराया

IMG-20260216-WA0084

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टी२० विश्व कप में अफगानिस्तान ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। सोमवार को ग्रुप डी के मुकाबले में अफगानिस्तान ने यूएई को ५ विकेट से पराजित किया। शुरुआती दो मैच हार चुकी अफगान टीम के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने २० ओवर में ९ विकेट खोकर १६० रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने १९.२ ओवर में ५ विकेट के नुकसान पर १६२ रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम जादरान ने पारी को संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए गुलबदीन नईब के साथ ४० और सेदिकुल्लाह अटल के साथ ३० रन की साझेदारी की। नईब ने १३ और अटल ने १६ रन बनाए।
जादरान ने अर्धशतक पूरा करते हुए ४१ गेंदों में ६ चौकों और एक छक्के की मदद से ५३ रन बनाए। टीम का स्कोर ९७ रन पहुंचने पर उनके आउट होने के बाद अजमतुल्लाह ओमरजई और दारविश रसूली ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए ४३ रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। रसूली ने ३२ गेंदों में ३ चौकों और एक छक्के की मदद से ३३ रन बनाए।
इसके बाद ओमरजई ने मोहम्मद नबी (नाबाद ३) के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। ओमरजई ने २१ गेंदों में २ चौकों और ३ छक्कों की सहायता से नाबाद ४० रन की तेज पारी खेली। यूएई की ओर से जुनैद सिद्दीकी और मुहम्मद अरफान ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले यूएई की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ओपनर अर्यांश शर्मा शून्य पर आउट हुए, जबकि कप्तान मुहम्मद वसीम १० रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद सोहेब खान ने अर्धशतक जड़कर पारी को संभाला। उन्होंने अलीशान शाराफू के साथ तीसरे विकेट के लिए ८४ रन की साझेदारी की।
सोहेब खान ने ४८ गेंदों में ६ चौकों और ४ छक्कों की मदद से ६८ रन बनाए। शाराफू ने ३१ गेंदों में ३ चौकों और २ छक्कों की सहायता से ४० रन जोड़े। हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद यूएई की पारी की रफ्तार धीमी पड़ गई और टीम १६० रन तक ही पहुंच सकी।
अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने सर्वाधिक ४ विकेट लेकर मैच के नायक साबित हुए।

About Author

Advertisement