काेलकाता: केरल टुरिजम ने ‘ट्रैवल नाउ, पोस्ट लेटर’ नामक सर्वभारतीय अभियान शुरू किया है। १२ फरवरी २०२६ को लॉन्च की गई इस वैश्विक पहल का उद्देश्य जागरूक और अनुभव-आधारित यात्रा को बढ़ावा देना है। यह अभियान पर्यटकों से आग्रह करता है कि वे सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले यात्रा के क्षणों को स्वयं महसूस करें। अभियान का मुख्य संदेश है, “पहले अनुभव करें, फिर साझा करें।”
इस अभियान के तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक प्रचार किया जा रहा है तथा travelnowpostlater.com नामक माइक्रोसाइट भी शुरू की गई है। केरल टूरिज्म ने स्वयं को एक विचारशील पर्यटन प्रवर्तक के रूप में स्थापित करते हुए यात्रा को केवल फोटो लेने और प्रचार तक सीमित न रखकर गहरे अनुभव और वास्तविक उपस्थिति से जोड़ने पर जोर दिया है।
कोच्चि-मुज़िरिस बिएननेल, जो दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी समकालीन कला प्रदर्शनी है, ३१ मार्च तक आयोजित होगी। फोर्ट कोच्चिi क्षेत्र में आयोजित यह बिएनाले कोच्चि को कला-आधारित अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई दे रहा है।
पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियाज ने कहा कि कोविड के बाद के वर्षों में केरल में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आगामी इनबाउंड सीजन में यह रुझान जारी रहने की उम्मीद है।
गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद के बाद फरवरी में कोलकाता, लखनऊ और इंदौर में बी२बी मीट और रोडशो आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ‘निशागंधी नृत्य उत्सव’ जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा उत्तर केरल के कोझिकोड, वायनाड और बेकल जैसे नए पर्यटन स्थलों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अलावा, २० जनवरी से नई दिल्ली में ‘लैंडस्केप केरल’ फोटो प्रदर्शनी की शुरुआत हुई है, जो विभिन्न शहरों का दौरा करेगी। आयुर्वेद, वेलनेस, एडवेंचर, लग्जरी और एमआईसीई पर्यटन जैसे विविध आयामों के माध्यम से केरल को एक सुरक्षित और बहुआयामी पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है।








