कोलकाता: हाल ही में हुए बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है और नई सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रहमान को बधाई देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सकारात्मक बताया और भारत–बांग्लादेश संबंधों को मजबूत बनाए रखने की उम्मीद जताई, हालांकि क्षेत्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की बात भी कही।
दूसरी ओर, नाबन्ना ने भारत–बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। रिपोर्टों के अनुसार, जमात-ए-इस्लामी ने कई सीमावर्ती निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है, जो पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय की सीमाओं से सटे हैं।
नवान्न का मानना है कि चुनावी नतीजे सीधे तौर पर सुरक्षा खतरे का संकेत नहीं हैं, लेकिन स्थानीय राजनीतिक नियंत्रण में बदलाव से “चयनात्मक घुसपैठ” और सामाजिक–राजनीतिक प्रभाव फैलने की आशंका बढ़ सकती है।
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में गैरकानूनी गतिविधियों, धार्मिक आंदोलनों और अतिवादी विचारों के प्रसार को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। केंद्र और राज्य स्तर पर समन्वय मजबूत कर नियमित गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।










