बेंगलुरु: कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), जिसका नेतृत्व वेंकटेश प्रसाद करेंगे, ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के दिग्गज खिलाड़ी अनिल कुम्बले और राहुल द्रविड़ के नाम पर स्टैंड लगाने का निर्णय लिया है।
कुम्बले भारत के लिए टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जबकि द्रविड़ ने सचिन तेंदुलकर के बाद टेस्ट में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए हैं। दोनों खिलाड़ी भारत की टीम के कप्तान भी रहे हैं और इसके अतिरिक्त, द्रविड़ और कुम्बले ने भारतीय टीम में मुख्य कोच के रूप में भी कार्य किया है।
कुम्बले ने कहा, “हम सभी के योगदान ने कर्नाटक क्रिकेट को इस ऊँचाई तक पहुँचाया और इसी तरह कर्नाटक क्रिकेट ने हमें बनाया। वास्तव में यह मायने नहीं रखता कि किस स्टैंड पर किसका नाम है। सभी के योगदान को मान्यता मिली और यही सबसे बड़ी बात है। अब ये नाम स्टेडियम में सदा के लिए अंकित रहेंगे।”
द्रविड़ और कुम्बले के साथ महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी के नाम पर भी स्टैंड लगाने का निर्णय किया गया है। कुम्बले ने कहा, “मेरे साथी क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और शांता रंगास्वामी को भी कर्नाटक और भारतीय क्रिकेट में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है। सभी को बधाई।”
द्रविड़ ने कहा, “यह (चिन्नास्वामी स्टेडियम) मेरे लिए दूसरा घर जैसा है।” कुम्बले ने भी कहा, “हमने यहां अपने घर से अधिक समय बिताया है। यह वह स्थान है जहाँ हमें बहुत खुशी मिली और कुछ मौकों पर निराशा भी हुई। लेकिन आज जो कुछ भी मैं हूँ, वह इस स्थान की वजह से है। केएससीए और इस प्रतिष्ठित मैदान ने मुझे जीवन में जो कुछ भी दिया, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूँ।”









