हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही ९ मार्च तक स्थगित

parliament_647_072315112657_043016122800

नई दिल्ली: लोकसभा में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका। एक बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही९ मार्च सुबह ११ बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बैठक दोपहर १२ बजे पुनः शुरू हुई। पीठासीन सभापति संध्या राय ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए और १२ बजकर छह मिनट पर सभा को ९ मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया।
इससे पहले, बैठक शुरू होते ही विपक्षी सदस्य पुरी के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे और आसन के समीप आ गए, जिससे प्रश्नकाल नहीं चल सका। हंगामे के कारण कार्यवाही शुरू होने के पांच मिनट बाद ही दोपहर १२ बजे तक स्थगित करनी पड़ी थी।
बैठक की शुरुआत में सभापति ने पूर्व सांसद डॉ. भगवान दास राठौड़ के निधन की सूचना सदन को दी। सदस्यों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ पल मौन रखा।
कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने शोर-शराबे के बीच पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने दिया। सभापति ने सदस्यों से अपने स्थान पर लौटने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों के बाद पुरी ने बुधवार को कहा था कि उनकी जेफ्री एप्स्टीन से कुछ मौकों पर मुलाकात हुई थी, लेकिन उन बातचीतों का उसके आपराधिक मामलों से कोई संबंध नहीं था।

About Author

Advertisement