नई दिल्ली: भारत ने अपना दबदबा कायम रखते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) टी२० वर्ल्ड कप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। गुरुवार को ग्रुप ए के मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने नामीबिया को ९३ रन से हरा दिया।
अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने २० ओवर में ९ विकेट के नुकसान पर २०९ रन बनाए। भारतीय पारी में ओपनर ईशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के अर्धशतक मुख्य आकर्षण रहे।
किशन ने २४ गेंदों में ६ चौके और ५ छक्कों की मदद से ६१ रन बनाए। वहीं हार्दिक ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए २८ गेंदों में ४ चौके और ४ छक्कों की सहायता से ५२ रन की पारी खेली। इसके अलावा तिलक वर्मा ने २५, शिवम दुबे ने २३ और संजू सैमसन ने २२ रन का योगदान दिया। सैमसन ने मात्र 8 गेंदों में ३ छक्के और १ चौका लगाया।
नामीबिया के गेंदबाजों में गेरहार्ड एरास्मस ने २० रन देकर ४ विकेट लिए।
जवाब में नामीबिया की टीम १८.२ ओवर में ११६ रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर नामीबिया को दबाव में बनाए रखा। लौरेन स्टीनकैंप ने २९, जान फ्रीलिंक ने २२ और कप्तान एरास्मस ने १७ रन बनाए।
भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने ७ रन देकर ३ विकेट झटके। वहीं हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को भी २-२ सफलता मिली।









