मुंबई: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) टी२० विश्व कप में इटली ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। गुरुवार को ग्रुप सी के मैच में इटली ने नेपाल को १० विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही इटली ने टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी पहली जीत हासिल की।
पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ यादगार प्रदर्शन करने वाली नेपाल की टीम इस मुकाबले में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की पूरी टीम १९.३ ओवर में सिर्फ १२३ रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में इटली ने १२.४ ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए १२४ रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
१२४ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली को मोस्का बंधुओं (एंथनी और जस्टिन) की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने सहज अंदाज में रन बनाते हुए टीम को १२.४ ओवर में ही जीत दिला दी। एंथनी ने ३२ गेंदों पर ६ छक्के और ३ चौकों की मदद से नाबाद ६२ रन बनाए, जबकि जस्टिन ने ४४ गेंदों पर ५ चौके और ३ छक्के लगाकर नाबाद ६० रन की पारी खेली।
इससे पहले वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल ने महज ८ रन पर कुशल भुर्तेल (५ रन) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद आसिफ शेख और कप्तान रोहित पौडेल ने मिलकर स्कोर ४९ रन तक पहुंचाया, लेकिन लगातार विकेट गिरने से इटली ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली।
नेपाल के लिए आरिफ शेख ने २४ गेंदों पर ३ चौकों की मदद से सर्वाधिक २७ रन बनाए। इसके अलावा रोहित ने २३ और आसिफ ने २० रन का योगदान दिया।
इटली के गेंदबाजों में स्पिनर क्रिशान कालुगामागे ने १८ रन देकर ३ विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।









