पटना: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कोलकाता की श्याम स्टील ने राज्य में ५,००० करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी गया-डोभी रोड स्थित प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे में अत्याधुनिक स्टील निर्माण इकाई स्थापित करेगी।
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि परियोजना के तहत १० लाख टन वार्षिक उत्पादन क्षमता वाला स्टील प्लांट लगाया जाएगा। इस निवेश से लगभग ८,००० लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में स्थापित इकाइयों से सामग्री खरीद को प्राथमिकता दी जाएगी।
उद्योग विभाग के अनुसार, प्रस्तावित परियोजना के लिए कंपनी ने करीब ५०० एकड़ जमीन की मांग की है। इससे गया-डोभी औद्योगिक गलियारे के विकास को गति मिलेगी।
कितनी बड़ी है श्याम स्टील?
१९५३ में स्थापित श्याम स्टील का मुख्यालय कोलकाता में है। कंपनी का दुर्गापुर में एकीकृत स्टील प्लांट है और पश्चिम बंगाल में इसके चार संयंत्र संचालित हैं। कंपनी टीएमटी बार, बिलेट्स, स्पंज आयरन और फेरो अलॉयज जैसे उत्पाद बनाती है।
कंपनी ने उत्पादन क्षमता विस्तार के लिए २,५०० करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की योजना भी बनाई है। वर्तमान में कंपनी का टर्नओवर लगभग ४,५०० से ९,००० करोड़ रुपये के बीच बताया जाता है और इसमें करीब ५,००० कर्मचारी कार्यरत हैं।









