नई दिल्ली: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में बृहस्पतिवार को विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार पर भारतीय हितों का “समर्पण” करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश, द्रमुक नेता टी.आर. बालू, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव और जया बच्चन, भाकपा (माले) लिबरेशन के सांसद सुदामा प्रसाद सहित कई अन्य नेताओं ने संसद के मकर द्वार के पास विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने एक बड़ा बैनर उठा रखा था, जिस पर ‘ट्रैप डील’ लिखा था। इसके अलावा ‘नरेंद्र सरेंडर’ लिखे पोस्टर भी दिखाए गए। सांसदों ने “देश को बेचना बंद करो” जैसे नारे लगाए। बाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी अन्य कांग्रेस सांसदों के साथ मकर द्वार की सीढ़ियों पर पहुंचीं और इस व्यापार समझौते के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुईं।
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष के हंगामे का असर लोकसभा की कार्यवाही पर भी पड़ा। सदन की बैठक शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद विपक्षी सदस्य अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते के मुद्दे पर नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए।
पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने प्रश्नकाल शुरू कराया, लेकिन शोर-शराबे के बीच कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। कांग्रेस सदस्य प्रभा मल्लिकार्जुन ने पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने दिया।
सभापति ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और सदन को चलने देने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि तख्तियां लाना सदन के नियमों के विरुद्ध है। हंगामा जारी रहने पर सुबह ११ बजकर ७ मिनट पर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर १२ बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।










