‘नई इंडिया में दुख-दर्द पर भी टैग’: अभिषेक ने वित्त मंत्री पर कसा तंज

ce6516fb49e0203fcfb5a04e9aa7f05c

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने जीएसटी को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में वित्त मंत्री के जवाबी भाषण के बाद गुरुवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह उनके भाषण को ध्यान से सुनने के लिए धन्यवाद देते हैं, लेकिन काश वह बंगाल के लोगों की मनरेगा, पीएम आवास, पीएमजीएसवाई और जल जीवन मिशन की बकाया राशि की मांग भी उतनी ही गंभीरता से सुनतीं।
वित्त मंत्री द्वारा “तथ्यों को तोड़-मरोड़ने” के आरोप पर पलटवार करते हुए अभिषेक ने कहा कि कागजों में भले ही ताजा दूध, पाठ्यपुस्तकों और इलाज पर जीएसटी न हो, लेकिन गरीबों की वास्तविक जिंदगी अलग कहानी बयां करती है। उन्होंने कहा कि पाउडर दूध पर ५ प्रतिशत, ग्राफ पेपर, लैब नोटबुक और क्रेयॉन पर १२ प्रतिशत जीएसटी लगता है, जो आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर पर १२ प्रतिशत, इंसुलिन पर ५ प्रतिशत और एनेस्थीसिया पर १२ प्रतिशत जीएसटी लगाया जाता है। यहां तक कि अगरबत्ती पर भी ५ प्रतिशत कर है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “नई इंडिया में दुख पर भी टैग लगा है।” उन्होंने जोड़ा कि कानून की किताब और गरीब परिवार के किराने के बिल के बीच का अंतर समझे बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है।

About Author

Advertisement