कोलंबो: आईसीसी टी२० विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने जीत का खाता खोल लिया। बुधवार को ग्रुप बी के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को ६७ रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने २० ओवर में ६ विकेट पर १८२ रन बनाए।
जवाब में आयरलैंड की टीम १६.५ ओवर में सिर्फ ११५ रन पर ऑलआउट हो गई। आयरलैंड का शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा और कप्तान पॉल स्टर्लिंग चोट के कारण परेशान रहे। स्टर्लिंग केवल १ रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। २७ रन पर ४ विकेट गिरने के बाद आयरलैंड के लिए आठवें नंबर पर उतरे जॉर्ज डॉकरैल ने ४१ रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। डॉकरैल ने २९ गेंदों पर ३ चौके और २ छक्के लगाए। लोर्कन टकर ने २४ रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज नाथन एलिस और स्पिनर एडम जांपा ने ४-४ विकेट लिए।
इससे पहले आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पारी की सातवीं गेंद पर कार्यवाहक कप्तान ट्रैविस हेड का विकेट गंवा दिया। वह ६ रन बनाकर रन आउट हुए। ७ रन पर पहला विकेट गिरने के बाद कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिस ने मिलकर टीम का स्कोर ५६ रन तक पहुंचाया। इंग्लिस ने १७ गेंदों पर ६ चौकों और १ छक्के की मदद से ३७ रन बनाए, जबकि ग्रीन ने २१ रन जोड़े। इसके बाद इंग्लिस, ग्रीन और ग्लेन मैक्सवेल (९) के विकेट जल्द-जल्द गिर गए।
एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर ४ विकेट पर ८८ रन था। वहां से मार्कस स्टोइनिस और मैट रेनशॉ ने पांचवें विकेट के लिए ६१ रन की साझेदारी की। रेनशॉ ने ३३ गेंदों पर ३७ रन बनाए। स्टोइनिस ने २९ गेंदों पर २ चौके और १ छक्के की मदद से ४५ रन बनाए। आयरलैंड की ओर से मार्क अडायर ने २ विकेट लिए। नाथन एलिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।










