अहमदाबाद: अफगानिस्तान के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट ने टी२० वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे सुपर ओवर में मिली हार के बाद कहा कि इस तरह की हार का दर्द लंबे समय तक बना रहता है। उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों टीमों के बीच फर्क दक्षिण अफ्रीका की बेहतरीन फील्डिंग ने पैदा किया।
बुधवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रॉट ने कहा, “इस मैच ने साबित कर दिया कि हमारे पास कितनी असाधारण टीम है। हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के कुछ दिन बाद दक्षिण अफ्रीका से मिली यह हार मन को दुखी कर गई। हमें एक कठिन ग्रुप मिला था।”
दक्षिण अफ्रीका में जन्मे लेकिन इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पूर्व क्रिकेटर ट्रॉट ने कहा कि इस हार का दर्द लंबे समय तक रहेगा। उन्होंने कहा, “टीम को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए, लेकिन ऐसी हार का दर्द लंबे समय तक दिल में रहता है। अब हमें सकारात्मक बातों पर ध्यान देना होगा और अपनी गलतियों में सुधार करना होगा। यही सबसे महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की फील्डिंग की भी जमकर तारीफ की। ट्रॉट ने कहा, “उनकी फील्डिंग बेहद शानदार थी, रन आउट, बाउंड्री पर कैच और रन बचाने की कोशिश। उनकी असाधारण फील्डिंग ने ही अंतर पैदा किया।”
गौरतलब है कि ट्रॉट के मार्गदर्शन में अफगानिस्तान ने पिछले टी२० वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और २०२३ वनडे वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, मौजूदा टी२० वर्ल्ड कप में टीम का ग्रुप चरण से बाहर होना तय हो चुका है, लेकिन इस बारे में वह अभी कुछ कहना नहीं चाहते।
उन्होंने कहा, “टूर्नामेंट खत्म होने के बाद इस पर बात करेंगे। अभी दो महत्वपूर्ण मैच बाकी हैं। फिलहाल किसी और बात का समय नहीं है। मैं अभी भी कोच हूं और दिल्ली में यूएई के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।”









