कोलकाता: उच्च माध्यमिक परीक्षा १२ फरवरी से शुरू होने वाली है। परीक्षा संचालन के नियमों का पालन कराने के लिए बोर्ड ने कड़े निर्देश (गाइडलाइन) जारी किए हैं। बोर्ड ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन होने पर परीक्षार्थियों की परीक्षा रद्द की जा सकती है।
मुख्य निर्देश:
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कागज के टुकड़े, पाउच, कैलकुलेटर (विशेष परिस्थितियों को छोड़कर), पेन ड्राइव, राइटिंग पैड, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, माइक्रोफोन, स्मार्टवॉच, कैमरा, गॉगल्स, धातु के चश्मे, बैग या हैंडबैग लाने की अनुमति नहीं होगी। सामान्य एनालॉग घड़ी पहन सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के पाए जाने पर परीक्षा और नामांकन रद्द किया जाएगा। सभी भाग लेने वाले संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षार्थियों को इन नियमों की गंभीरता से जानकारी दें। परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुँचने को कहा गया है।
कितने परीक्षार्थियों की परीक्षा रद्द हुई?
मंगलवार को मोबाइल के साथ पकड़े जाने पर कुल १० परीक्षार्थियों की परीक्षा रद्द हुई। अलीपुरद्वार से ४ और नदिया से ३ परीक्षार्थी पकड़े गए। हुगली, पूर्व बर्दवान और काेचबिहार से १-१ परीक्षार्थी पकड़े गए। इस दिन फिजिकल साइंस की परीक्षा थी। बोर्ड के अनुसार ८१ परीक्षार्थी अस्पताल से परीक्षा दे चुके हैं। उत्तर दिनाजपुर में परीक्षा पुस्तिका फाड़ने की घटना भी हुई। अब तक लगभग ३९ से अधिक परीक्षार्थियों की परीक्षा मोबाइल पाए जाने के कारण रद्द की गई है।











