लोकसभा में प्रश्नकाल सुचारु रूप से चला, विपक्ष ने किया वॉकआउट

698aa2647cc5e-bjp-mp-letter-to-om-birla-101325310-16x9

नई दिल्ली: लोकसभा में कई दिनों के गतिरोध के बाद बुधवार को प्रश्नकाल सुचारु रूप से चला। हालांकि, आठ सदस्यों के निलंबन की वापसी की मांग को लेकर विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया।
बैठक शुरू होते ही पीठासीन सभापति पी.सी. मोहन ने प्रश्नकाल की कार्यवाही प्रारंभ कराई। इस दौरान विपक्षी सांसद अपने आठ साथियों का निलंबन समाप्त करने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। इन सदस्यों को पिछले सप्ताह आसन की अवमानना के आरोप में निलंबित किया गया था।
हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल जारी रहा। करीब आधे घंटे तक ‘निलंबन वापस लो’ के नारों के बीच कार्यवाही चलती रही, जिसके बाद विपक्षी सदस्य सदन से बाहर चले गए।
सामान्यतः सदन की कार्यवाही अध्यक्ष संचालित करते हैं, लेकिन लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने विरुद्ध लाए गए प्रस्ताव के निपटारे तक अध्यक्षीय आसन पर न बैठने का निर्णय लिया है। बिरला मंगलवार से सदन की कार्यवाही में भाग नहीं ले रहे हैं और बुधवार को भी प्रश्नकाल के दौरान मोहन ही आसन पर थे।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष ने मंगलवार को लोकसभा महासचिव को बिरला को पद से हटाने का नोटिस सौंपा था। विपक्ष ने उन पर सदन का पक्षपातपूर्ण संचालन, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे आरोप लगाने तथा पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पिछले सप्ताह राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का उल्लेख करने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके विरोध में विपक्षी सांसद आसन के समीप आकर प्रदर्शन करने लगे और कागज उछाले। इसे सदन की अवमानना मानते हुए कांग्रेस के सात और माकपा के एक सदस्य को शेष बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।
निलंबित सदस्यों में कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरदीप सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मणिकम टैगोर तथा माकपा सांसद एस वेंकटेशन हैं।

About Author

Advertisement