बैंकूवर: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घर में दो और मृतक पाए गए, जिनका इस घटना से संबंध माना जा रहा है।
‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ (आरसीएमपी) के अनुसार, इस गोलीबारी में २५ से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। कनाडा में स्कूल में गोलीबारी की घटनाएं दुर्लभ हैं।
लगभग २,४०० लोगों की आबादी वाला टंबलर रिज शहर वैंकूवर से उत्तर में १,००० किलोमीटर की दूरी पर, अल्बर्टा की सीमा के पास स्थित है। प्रांतीय सरकार की वेबसाइट के अनुसार, टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा ७ से १२ तक १७५ छात्र पढ़ते हैं। आरसीएमपी के सुपरिन्टेन्डेंट केन फ्लॉयड ने पत्रकारों को बताया कि जांचकर्ताओं ने हमलावर की पहचान कर ली है, लेकिन उसका नाम जारी नहीं किया गया। आरोपी ने घटना को अंजाम क्यों दिया, यह स्पष्ट नहीं है।
फ्लॉयड ने कहा, “हम अभी यह समझने की स्थिति में नहीं हैं कि इस त्रासदी का कारण क्या था।” उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस यह जांच कर रही है कि पीड़ित और आरोपी के बीच क्या संबंध थे। आरसीएमपी ने एक बयान में कहा, “गोलीबारी की प्रारंभिक प्रतिक्रिया में पुलिस ने स्कूल में प्रवेश कर खतरे का आकलन किया। तलाशी के दौरान कई पीड़ित मिले। संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया, जिसके शरीर पर आत्मघाती चोट के निशान थे।”
संदर्भ अनुसार, संदिग्ध को छोड़कर छह अन्य व्यक्तियों को स्कूल के भीतर मृत पाया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया। तीसरे व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। ‘पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट’ ने मंगलवार को बताया कि सेकेंडरी स्कूल और टंबलर रिज एलिमेंटरी स्कूल दोनों में लकडाउन लागू किया गया, यानी किसी को अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं है।










