नई दिल्ली: भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को पेट की समस्या के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले दो दिनों से उनका इलाज जारी है।
टीम मैनेजमेंट के अनुसार पेट की समस्या के चलते उनके विभिन्न टेस्ट किए जा रहे हैं, लेकिन वह बुधवार को छुट्टी पाएंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इसी वजह से गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले भारत के मैच में उनका खेलना संदिग्ध हो गया है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी करेंगे। यदि अभिषेक समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो नामीबिया के खिलाफ मैच में संजू सैमसन को मौका मिल सकता है, जबकि ईशान किशन दूसरे ओपनर होंगे। टीम मैनेजमेंट और मेडिकल स्टाफ को विश्वास है कि अभिषेक रविवार को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। फिलहाल उनकी सेहत और रिकवरी टीम की प्राथमिकता है।
सूत्रों के अनुसार २५ वर्षीय अभिषेक ने पिछले रविवार मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित डिनर में टीम के साथियों के साथ हिस्सा लिया था। बताया जा रहा है कि वहीं से उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच में भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे और मैच के बाद उनकी स्थिति और खराब हो गई थी।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को उस समय तेज बुखार भी आया था और तुरंत राहत के लिए उन्हें ड्रिप चढ़ाई गई थी। अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में टीम के अभ्यास सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया था।
अमेरिका के खिलाफ मैच में अभिषेक पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। यह उनका पहला टी२० विश्व कप है। वह फिलहाल दुनिया के नंबर एक टी२० बल्लेबाज हैं, इसलिए उनकी उपलब्धता टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है।
अभिषेक अब तक भारत के लिए ३९ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ३६.०३ की औसत से १२९७ रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट १९४.४६ का है। उन्होंने इस प्रारूप में २ शतक और ८ अर्धशतक लगाए हैं। टी२० अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर १३५ रन है।










