नई दिल्ली: पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी अनुभवी भारतीय निशानेबाज मनु भाकर एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक से चूक गईं। मनु को २५ मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मनु भाकर और वियतनाम की गुयेन थुई ट्रेंग दोनों ने ३५-३५ का समान स्कोर बनाया। इसके बाद स्वर्ण पदक का फैसला शूट-ऑफ के जरिए हुआ, जिसमें ट्रेंग ने बाजी मार ली।
इस स्पर्धा में भारत की एक अन्य निशानेबाज ईशा सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया। फाइनल में पूर्व एशियाई एयर पिस्टल चैंपियन ट्रेंग, मनु भाकर, ईशा सिंह और ओलंपियन रिदम सांगवान के बीच स्वर्ण पदक के लिए कड़ी और दिलचस्प प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
इस दौरान ईशा सिंह, मनु भाकर और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने कुल १७५१ अंकों के साथ भारत को टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी दिलाया। टीम स्पर्धा में चीनी ताइपे ने १७२५ अंकों के साथ रजत, जबकि वियतनाम ने १७२९ अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
व्यक्तिगत स्वर्ण भले ही हाथ से निकल गया हो, लेकिन मनु भाकर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की मजबूत मौजूदगी दर्ज किया।










