नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच १५ फरवरी को आईसीसी टी२० विश्व कप का ग्रुप मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। इसकी घोषणा पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से की है। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने यह घोषणा की थी कि उनकी टीम टी२० विश्व कप २०२६ में भाग लेने के बावजूद भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बहिष्कार करेगी। अब चौतरफा दबाव के कारण पाकिस्तान सरकार ने अपने रुख में परिवर्तन किया है।
पाकिस्तान सरकार द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बहुपक्षीय चर्चाओं से प्राप्त निष्कर्षों तथा मित्र देशों के अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को आईसीसी पुरुष टी२० विश्व कप के अंतर्गत १५ फरवरी को अपने निर्धारित मैच में भाग लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस निर्णय का उद्देश्य क्रिकेट की भावना की रक्षा करना तथा सभी सहभागी देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता को समर्थन देना है।
प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने वर्तमान घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पीसीबी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों के निष्कर्षों पर भी चर्चा हुई।
पाकिस्तान सरकार के अनुसार, बीसीबी द्वारा पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों की समीक्षा की गई, जिन्हें श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य सदस्य देशों का समर्थन प्राप्त था। इन देशों ने जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए पाकिस्तान से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया था। बयान में यह भी दोहराया गया कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच टेलीफोन पर बातचीत होने का भी उल्लेख किया गया है।
उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने भारत में खेलने से इनकार करने के कारण बांग्लादेश को टी२० विश्व कप से बाहर कर दिया था। बांग्लादेश के स्थान पर ग्रुप सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। इस मुद्दे पर पाकिस्तान ने हस्तक्षेप करते हुए बांग्लादेश का खुलकर समर्थन किया था।
इस संबंध में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने प्रधानमंत्री शरीफ से मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि उनकी राष्ट्रीय टीम टी२० विश्व कप में भाग लेगी, लेकिन १५ फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी।
आईसीसी ने पाकिस्तान के इस निर्णय पर निराशा व्यक्त करते हुए संभावित कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पीसीबी ने आईसीसी से ‘फोर्स मेज्योर’ प्रावधान लागू करने की मांग की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संस्था ने इस पर स्पष्टीकरण मांगा था।
रविवार को पीसीबी और आईसीसी के बीच बैठक हुई, जिसमें बीसीबी अध्यक्ष अनीमुल इस्लाम भी शामिल थे। इसके बाद पीसीबी ने तीन मांगें रखीं, जिन्हें आईसीसी ने अस्वीकार कर दिया। अंततः कोई विकल्प न बचने पर पाकिस्तान ने सोमवार को यू-टर्न लेते हुए १५ फरवरी को मैच खेलने की घोषणा कर दी|











