नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करेगी। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर ग्रुप सी में स्कॉटलैंड को जगह दी थी।
आईसीसी ने अब स्पष्ट कर दिया है कि भारत में टी२० वर्ल्ड कप के मैच खेलने से इनकार करने के मामले में बीसीबी पर किसी भी तरह का जुर्माना या दंड नहीं लगाया जाएगा। यह फैसला बीसीबी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। पीसीबी ने बांग्लादेश के समर्थन में १५ फरवरी को भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की थी।
आईसीसी ने कहा है कि मौजूदा मामले में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी प्रकार का वित्तीय, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। इसके साथ ही आईसीसी ने यह भी जानकारी दी कि बीसीबी के साथ विवाद समाधान समिति (डीआरसी) से संपर्क करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि बीसीबी की सोच तटस्थता और निष्पक्षता के सिद्धांतों पर आधारित है और उनका उद्देश्य दंड देने के बजाय सहयोग और समाधान निकालना है।









