नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को २०२५–२६ सत्र (१ अक्टूबर २०२५ से ३० सितंबर २०२६) के लिए सीनियर पुरुष और महिला खिलाड़ियों की वार्षिक केंद्रीय अनुबंध सूची की घोषणा की। नई अनुबंध सूची में रोहित शर्मा और विराट कोहली को नुकसान हुआ है।
पुरुष क्रिकेटरों की ग्रेड ‘ए’ सूची में शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को शामिल किया गया है। वहीं महिला खिलाड़ियों की ग्रेड ‘ए’ में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को स्थान मिला है।
ग्रेड ‘ए’ में शामिल तीनों पुरुष खिलाड़ियों में शुभमन गिल टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं तथा वर्तमान में तीनों प्रारूपों में सक्रिय हैं। जसप्रीत बुमराह भी तीनों प्रारूपों में खेलते हैं, जबकि रवींद्र जडेजा टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
पुरुष क्रिकेटरों की ग्रेड ‘बी’ में कुल ११ खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें वॉशिंगटन सुंदर, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर शामिल हैं। इससे पहले रोहित और कोहली ‘ए-प्लस’ ग्रेड का हिस्सा थे, लेकिन इस बार बोर्ड ने इस श्रेणी को ही समाप्त कर दिया है।
महिला खिलाड़ियों की ग्रेड ‘बी’ में रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, स्नेह राणा, राधा यादव, अमनजोत कौर, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, उमा छेत्री और अरुंधति रेड्डी को शामिल किया गया है।
पुरुष क्रिकेटरों की ग्रेड ‘सी’ में १६ खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है। इनमें अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई और रुतुराज गायकवाड़ शामिल हैं।
महिला क्रिकेटरों की ग्रेड ‘सी’ में श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, हरलीन देओल, काश्वी गौतम, जी कमालिनी, वैष्णी शर्मा और तेजल हसबनीस को जगह मिली है।
बीसीसीआई ने पुरुष खिलाड़ियों की अनुबंध संरचना में बदलाव किया है। ग्रेड ‘ए-प्लस’ के साथ चार-स्तरीय प्रणाली को घटाकर अब तीन-स्तरीय प्रणाली कर दिया गया है। पुरुषों की सूची में एकमात्र नया नाम साई सुदर्शन का है, जिन्हें पहली बार केंद्रीय अनुबंध मिला है।
वहीं सरफराज खान, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, रजत पाटीदार और मुकेश कुमार को इस सत्र में अनुबंध सूची से बाहर कर दिया गया है।











