श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जताया आभार
कोलंबो: श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भारत के खिलाफ १५ फरवरी को कोलंबो में होने वाले टी२० विश्व कप मैच का बहिष्कार वापस लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को निर्देश देने पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का आभार व्यक्त किया है।
बांग्लादेश और श्रीलंका के आग्रह के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार की अपील वापस लेने का निर्णय किया, जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। इसके साथ ही इस मैच को लेकर बना अनिश्चितता का माहौल भी समाप्त हो गया है।
राष्ट्रपति दिसानायके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यह जानकर अत्यंत खुशी हुई कि मौजूदा टी२० क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मैच का आयोजन कोलंबो में किया जाएगा।”
श्रीलंका क्रिकेट ने पीसीबी को पत्र लिखकर अपने निर्णय पर पुनर्विचार का अनुरोध किया था। इसके बाद राष्ट्रपति दिसानायके ने सोमवार रात प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से फोन पर बातचीत कर पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए मनाने का प्रयास किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, दिसानायके की अपील स्वीकार कर ली गई, जिसके साथ ही पाकिस्तान द्वारा प्रस्तावित बहिष्कार प्रभावी रूप से समाप्त हो गया।
इससे पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने की घोषणा की थी, जिसे बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा राजनीतिक विरोध माना जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के मैच भारत से श्रीलंका स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था, जिसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया।











