कोलकाता: आईसीसी टी२० विश्व कप के ग्रुप-सी मुकाबले में स्कॉटलैंड ने इटली को ७३ रनों से पराजित कर इतिहास रच दिया। यह टी२० विश्व कप के इतिहास में किसी एसोसिएट राष्ट्र द्वारा रनों के अंतर से दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
टी२० विश्व कप में पदार्पण कर रही इटली की टीम से प्रशंसकों को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन टीम अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी। ईडन गार्डन्स में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए स्कॉटलैंड ने २० ओवरों में ४ विकेट के नुकसान पर २०७ रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इटली की पूरी टीम १६.४ ओवरों में १३४ रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। इसके बाद मानेंटी भाइयों ने पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन टीम को जीत की ओर नहीं ले जा सके।
बेन मानेंटी ने सर्वाधिक ५२ रन बनाए। उन्होंने ३१ गेंदों में ५ चौके और १ छक्का लगाया। वहीं, उनके भाई हैरी मानेंटी ने २५ गेंदों में ३ छक्कों और १ चौके की मदद से ३७ रन बनाए। ४० रन पर तीन विकेट गिरने के बाद दोनों भाइयों ने तीसरे विकेट के लिए ७३ रनों की साझेदारी की। हैरी के १२वें ओवर में आउट होते ही स्कॉटलैंड ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया।
इटली की ओर से जेजे स्मट्स ने भी २२ रनों का योगदान दिया। स्कॉटलैंड के गेंदबाज़ों में माइकल लीस्क ने सर्वाधिक ४ विकेट हासिल किए।
इससे पहले स्कॉटलैंड की पारी में ओपनर जॉर्ज मंसी ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने माइकल जोन्स के साथ पहले विकेट के लिए १३.५ ओवरों में १२६ रनों की साझेदारी की। जोन्स ने ३० गेंदों में ३७ रन बनाए। मंसी ने १३ चौकों और २ छक्कों की मदद से ५४ गेंदों में ८४ रनों की उत्कृष्ट पारी खेली।
दोनों ओपनरों के आउट होने के बाद ब्रेंडन मैकमुलेन और माइकल लीस्क ने तेज़ी से रन बनाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुँचाया। मैकमुलेन ने १८ गेंदों में ४ छक्कों की मदद से नाबाद ४१ रन बनाए, जबकि लीस्क ने मात्र ५ गेंदों में २ छक्के और २ चौके लगाकर नाबाद २२ रन जोड़े।
माइकल लीस्क को उनके शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया।









