नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को कम से कम १० स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिससे हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूल परिसरों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती की।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित कई शैक्षणिक संस्थानों से सुबह आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं। इसके बाद दमकल गाड़ियां और बम निरोधक दस्तों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
डीएफएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुल १० स्कूलों को बम की धमकी मिली है। सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया है और परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। बम निरोधक दस्तों के साथ श्वान दस्ते भी तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।
फिलहाल किसी भी स्कूल से विस्फोटक सामग्री बरामद होने की सूचना नहीं है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही हैं।








