कोलंबो: टी२० विश्व कप २०२६ के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को ३ विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नीदरलैंड की टीम १९.५ ओवर में १४७ रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की स्थिति एक समय बेहद नाज़ुक थी। १८ ओवर में टीम ने ७ विकेट खोकर केवल ११९ रन बनाए थे। अंतिम दो ओवरों में पाकिस्तान को जीत के लिए २९ रन चाहिए थे, लेकिन 19वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। लोगन वान बीक के इस ओवर में फहीम अशरफ ने २४ रन बटोरकर मुकाबले की तस्वीर बदल दी।
फहीम अशरफ ने मात्र ११ गेंदों में नाबाद २९ रन बनाए और पाकिस्तान को १९.३ ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। उन्होंने अपनी पारी में 3 छक्के और २ चौके लगाए। शाहीन शाह अफरीदी ५ रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज़ साहिबज़ादा फरहान ने सर्वाधिक ४७ रन बनाए। उन्होंने ३१ गेंदों में ४ चौके और २ छक्के लगाए। सईम अयूब ने २४ रन का योगदान दिया। कप्तान सलमान अली आगा (१२), बाबर आज़म (१५), शादाब ख़ान (८) और मोहम्मद नवाज़ (६) जल्दी आउट हो गए, जबकि उस्मान ख़ान खाता भी नहीं खोल सके।
नीदरलैंड की ओर से आर्यन बट और पॉल वान मीकरन ने २-२ विकेट लिए।
इससे पहले नीदरलैंड की बल्लेबाज़ी में शीर्ष क्रम के चार खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन कोई भी अर्धशतक नहीं लगा सका। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने सर्वाधिक ३७ रन बनाए। उन्होंने २९ गेंदों में ३ चौके और १ छक्का लगाया। बास डी लीड ने ३०, माइकल लेविट ने २४ और कोलिन एकरमैन ने २० रन बनाए।
पाकिस्तान की गेंदबाज़ी में सलमान मिर्ज़ा सबसे सफल रहे, जिन्होंने ३ विकेट झटके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए फहीम अशरफ को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया।









