चोटिल राणा की जगह मोहम्मद सिराज भारतीय टीम में शामिल

IMG-20260207-WA0083

नई दिल्ली: टी२० विश्व कप से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई थी, जिसके चलते वे पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
हर्षित राणा ने अब तक भारत के लिए ९ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने ९ विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ३ विकेट देकर ३३ रन रहा है।
हर्षित के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मोहम्मद सिराज को टी२० विश्व कप टीम में शामिल किया है। सिराज इससे पहले २०२४ के टी२० विश्व कप टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिला था। उन्होंने अपना आखिरी टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच ३० जुलाई २०२४ को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद वे भारतीय टी२० टीम से बाहर चल रहे थे।
मोहम्मद सिराज ने अब तक १६ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में १४ विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ४ विकेट देकर १७ रन है।
टी२० विश्व कप शनिवार से शुरू हो चुका है और टूर्नामेंट का फाइनल ८ मार्च को खेला जाएगा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल ५५ मैच खेले जाएंगे, जिनमें ग्रुप चरण के ४० मैच, सुपर-८ चरण के १२ मैच, २ सेमीफाइनल और १ फाइनल शामिल हैं।

About Author

Advertisement