इस्लामाबादः पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान शिया समुदाय के एक इमामबाड़े में हुए आत्मघाती हमले में कम से कम ३१ लोगों की मौत हो गई, जबकि १६९ अन्य घायल हो गए। यह विस्फोट संघीय राजधानी के शहजाद टाउन क्षेत्र स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ।
पुलिस के अनुसार, हमलावर को इमामबाड़े के प्रवेश द्वार पर रोका गया था, जिसके बाद उसने स्वयं को विस्फोट से उड़ा लिया। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में सेना, रेंजर्स और पुलिस ने बचाव अभियान संभाला। राजधानी के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावर एक विदेशी नागरिक था और उसके संबंध ‘फितना अल-ख्वारिजी’ से बताए जा रहे हैं, जो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के लिए प्रयुक्त शब्द है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की है। प्रधानमंत्री ने घटना की जांच के आदेश देते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।









