मॉस्कोः रूस की राजधानी मॉस्को में एक अज्ञात हमलावर ने सैन्य खुफिया विभाग के प्रथम उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर एलेक्सेव पर गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कई गोलियां लगी हैं और फिलहाल मॉस्को के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
रूस की जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेत्रेंको ने बताया कि यह हमला मॉस्को के उत्तर-पश्चिमी इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में हुआ। हमलावर की पहचान और हमले के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं किया गया है।
लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव वर्ष २०११ से रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी के प्रथम उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। सीरिया में रूसी सैन्य अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उन्हें ‘हीरो ऑफ रूस’ सम्मान से नवाजा गया था। यह घटना यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत अबू धाबी में रूसी, यूक्रेनी और अमेरिकी प्रतिनिधियों के बीच हुई दो दिवसीय वार्ता के एक दिन बाद सामने आई है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को घटना की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। यूक्रेन युद्ध के बाद रूस में कई वरिष्ठ सैन्य और सार्वजनिक हस्तियों पर हमले हुए हैं, जिनके लिए मॉस्को यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराता रहा है। हालांकि, इस ताजा हमले पर कीव की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।










