कोलकाताः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में शुक्रवार को कोलकाता की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।
इस मामले में अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष प्रमुख आरोपियों में शामिल हैं। वह वर्तमान में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने धन के कथित लेन-देन को लेकर इस मामले में ईसीआईआर दर्ज की थी।
आर जी कर अस्पताल के पूर्व अधिकारी अख्तर अली ने घोष के कार्यकाल के दौरान अस्पताल में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग की थी, जिसे कलकत्ता उच्च न्यायालय ने स्वीकार किया था। बाद में उच्चतम न्यायालय ने भी इस आदेश को बरकरार रखा।
उल्लेखनीय है कि संदीप घोष के प्राचार्य रहते हुए ही एक प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई थी। पीड़िता का शव ९ अगस्त २०२४ को अस्पताल के सम्मेलन कक्ष से बरामद किया गया था। इस मामले में कोलकाता पुलिस के पूर्व नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को जनवरी २०२५ में सियालदह सत्र न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।










