हरारे: भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने आईसीसी अंडर-१९ वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी के दम पर वैभव ने भारतीय क्रिकेट का एक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मैच में वैभव सूर्यवंशी ने ३३ गेंदों में ६८ रन की तेज़ पारी खेली, जिसमें ९ चौके और ४ छक्के शामिल थे। इसके साथ ही मौजूदा टूर्नामेंट में उनके कुल छक्कों की संख्या १५ हो गई। उन्होंने अंडर-१९ वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड संजू सैमसन और गौरव धीमान के नाम था। संजू सैमसन ने २०१४ में ६ मैचों में १२ छक्के लगाए थे, जबकि गौरव धीमान ने २००४ और २००६ के टूर्नामेंट में कुल १२ छक्के जड़े थे। मौजूदा संस्करण में भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे भी अब तक १२ छक्के लगा चुके हैं।
कुल मिलाकर अंडर-१९ वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड न्यूज़ीलैंड के फिन एलन और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम है। फिन एलन ने २०१६ और २०१८ में कुल १८ छक्के लगाए थे, जबकि ब्रेविस ने २०२२ में ६ मैचों में १८ छक्के जड़े थे।
भारत अब फाइनल में इंग्लैंड की चुनौती का सामना करेगा। अगर उस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ४ और छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह फिन एलन और डेवाल्ड ब्रेविस का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।











