एसएससी ने ग्रुप सी और डी उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार का दिया मौका

ssc_2

कोलकाता: कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने ग्रुप सी और ग्रुप डी के उम्मीदवारों को अपने आवेदन पत्र में हुई गलतियों को सुधारने का अवसर प्रदान किया है। एसएससी द्वारा ग्रुप सी और डी शिक्षाकर्मियों की भर्ती परीक्षा १ से ८ मार्च के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा से पहले आयोग ने एक अधिसूचना जारी कर बताया है कि उम्मीदवार ३ फरवरी से ८ फरवरी के बीच अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकते हैं।
जो उम्मीदवार संशोधन करना चाहते हैं, वे अपने आवेदन फॉर्म में उपलब्ध ‘एडिट ऑप्शन’ के माध्यम से आवश्यक बदलाव कर सकते हैं। एसएससी ने स्पष्ट किया कि पूर्व में ९वीं और १०वीं स्तर की भर्तियों में कई उम्मीदवारों द्वारा जाति श्रेणी नहीं भरे जाने के कारण बाद में अदालत का सहारा लेना पड़ा था।
इसी तरह की देरी से बचने के लिए शिक्षाकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया में यह सुधार का मौका दिया गया है। ग्रुप सी के तहत कुल २,९८९ पद और ग्रुप डी के तहत ५,४८८ पद रिक्त हैं। दोनों पदों के लिए करीब १६ लाख उम्मीदवार पहले ही आवेदन कर चुके हैं। ग्रुप सी के लिए लगभग ८ लाख १३ हजार और ग्रुप डी के लिए करीब ८ लाख २० हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।

About Author

Advertisement