नई दिल्ली: ओलंपियन ईशा सिंह ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (पिस्टल/राइफल) के पहले दिन ही भारत के लिए दो स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। महिलाओं की १० मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ-साथ टीम इवेंट में भी ईशा की अगुवाई में भारत ने स्वर्ण पदक जीता।
२१ वर्षीय ईशा ने फाइनल में शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद संयम बनाए रखा और २३९.८ अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने ताइवान की चेंग येन चिंग (२३५.४) और यू ऐ वेन (२१७.७) को पीछे छोड़ दिया। यह ईशा का सीनियर एशियन चैंपियनशिप में दूसरा स्वर्ण पदक है।
टीम इवेंट में भारत की युवा शूटर सुरुचि सिंह चौथे स्थान पर रहीं, जबकि पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर सातवें स्थान पर रहीं। क्वालीफाइंग राउंड में सुरुचि ने ५७६ अंक, जबकि ईशा और मनु ने ५७५–५७५ अंक हासिल कर फाइनल में स्थान बनाया। महिलाओं की १० मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में सुरुचि (५७६), मनु (५७५) और ईशा (५७५) की टीम ने कुल १७२६ अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। वियतनाम और ताइवान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
पुरुषों की १० मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैम्पियन सम्राट राणा से स्वर्ण पदक की उम्मीद थी, लेकिन फाइनल में उन्होंने उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं किया और २२०.३ अंक के साथ केवल कांस्य पदक ही जीत पाए। स्वर्ण पदक उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव ने जीता। पुरुष टीम स्पर्धा में भी भारत दूसरे स्थान पर रहा। सम्राट (५८१), श्रवण कुमार (५७८) और वरुण तोमर (५७३) की टीम ने रजत पदक हासिल किया। इनर १० के आधार पर स्वर्ण पदक उज्बेकिस्तान को मिला।
इस चैंपियनशिप में भारत ने कुल ११८ शूटरों की अपनी अब तक की सबसे बड़ी टीम उतारी है।










