मालदा: एक बार फिर प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाकर मालदा जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार रात पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ, मादक पदार्थ बनाने का कच्चा माल, विभिन्न उपकरण, कई चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक आईफोन तथा लगभग आठ लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पाँच मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएँ और दो पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार लोगों में कुछ पड़ोसी राज्य बिहार के निवासी हैं, जबकि कुछ इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
घटना के संबंध में मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी ने मालदा पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर बताया कि मालदा जिला पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सोमवार रात पुलिस को विशेष सूत्रों से सूचना मिली कि इंग्लिशबाजार थाना क्षेत्र के कुमारपुर इलाके में स्थित एक गोदाम में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बनाने का अवैध कार्य चल रहा है।
सूचना मिलते ही जिला पुलिस ने उक्त गोदाम में छापेमारी कर तीन महिलाओं और दो पुरुषों सहित कुल पाँच लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गोदाम की तलाशी के दौरान लगभग १७ किलोग्राम ब्राउन शुगर, ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त विभिन्न कच्चा माल, आवश्यक उपकरण, कई चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक आईफोन और लगभग ८ लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के हित में मंगलवार को सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस हिरासत की मांग के साथ मालदा जिला अदालत में पेश किया जाएगा।











