अमरावती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने २४ घंटे के भीतर ४,००० ‘सुपर साइकिल’ (ई-साइकिल) वितरित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। मुख्यमंत्री ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र कुप्पम में हाल ही में ई-साइकिलों का वितरण किया, जहां उन्होंने निर्धारित ५,५५५ ई-साइकिलों में से ३,७४२ साइकिलें मात्र २४ घंटे में वितरित कर यह रिकॉर्ड हासिल किया।
मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि यह रिकॉर्ड महिला सशक्तीकरण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विज्ञप्ति में कहा गया, “मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ३१ जनवरी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया। यह रिकॉर्ड ५,५५५ सुपर साइकिलों के वितरण के दौरान बना, जिसमें से ३,७४२ साइकिलें एक ही दिन में वितरित की गईं।”
मुख्यमंत्री ने ३१ जनवरी को थुम्सी गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ‘सुपर साइकिल’ को आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं और छात्राओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करने में मदद करेगी।

टीडीपी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने यह भी बताया कि ई-साइकिल को चार्ज करने के लिए सौर पैनल का उपयोग किया जा सकता है, जिससे महिलाएं और छात्राएं ईंधन लागत में प्रति माह १,५०० रुपये तक बचत कर सकती हैं। इस परियोजना के लाभार्थियों में स्वयं सहायता समूह की सदस्य, ग्राम सचिवालय कर्मचारी, आंगनवाड़ी शिक्षक, आशा कार्यकर्ता और अन्य कामकाजी महिलाएं शामिल हैं।










