नई दिल्ली: आईसीसी टी२० विश्व कप २०२६ में भारत–पाकिस्तान मैच को लेकर चल रहे विवाद के बीच टीम इंडिया ने आईसीसी के प्रोटोकॉल का पालन करने का फैसला किया है। पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का निर्णय लिया है, लेकिन भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी और मैच को आधिकारिक रूप से रद्द घोषित किए जाने तक इंतज़ार करेगी।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम श्रीलंका पहुंचकर निर्धारित समय पर अभ्यास करेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेगी और मैच के दिन स्टेडियम जाकर मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतज़ार करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला १५ फ़रवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पाकिस्तान सरकार से टी२० विश्व कप में हिस्सा लेने की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन साथ ही टीम को भारत के खिलाफ मैच में हिस्सा न लेने का निर्देश भी दिया गया है। इसी वजह से यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अनिश्चित बना हुआ है।
आईसीसी के नियमों के अनुसार, यदि मैच के दिन पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए मैदान पर उपस्थित नहीं होते हैं, तो भारत को वॉकओवर के ज़रिये २ अंक मिल जाएंगे। इसका नुकसान पाकिस्तान को ही उठाना पड़ेगा।











