लोकसभा में राहुल से भिड़े राजनाथ और शाह, तीखी नोकझोंक से गरमाया सदन

qcrn8cbg_rahul-gandhi_160x120_02_February_26

नई दिल्ली: लोकसभा में सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सत्तापक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राहुल गांधी द्वारा एक पूर्व सेना प्रमुख के अप्रकाशित संस्मरण के मसौदे के कुछ अंश पढ़ने के प्रयास पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा विरोध जताया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधते हुए पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के मसौदे का हवाला देने का प्रयास किया। इस पर सत्तापक्ष ने आपत्ति जताई और कहा कि किसी अप्रकाशित पुस्तक या पत्रिका की सामग्री को सदन में उद्धृत नहीं किया जा सकता।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष की बातें पूरी तरह काल्पनिक हैं और वह सदन को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा कि संसदीय मर्यादाओं का पालन किया जाना चाहिए।
सदन में बढ़ते हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पहले अपराह्न २ बजकर ९ मिनट पर कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित की। बाद में गतिरोध बने रहने पर बैठक को शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान उक्त संस्मरण का हवाला देने पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि वह चीन के साथ भारत के सैन्य तनाव से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहते हैं। हालांकि अध्यक्ष ने बार-बार उन्हें केवल अभिभाषण पर चर्चा तक सीमित रहने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस दौरान सदन में उपस्थित थे। दिनभर चले इस घटनाक्रम से लोकसभा का माहौल पूरी तरह गरमा गया।

About Author

Advertisement