मेलबर्न: सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली है। चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर को ४ घंटे ९ मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में ३-६, ६-३, ४-६, ६-४, ६-४ से हराया।
इस जीत के साथ ही जोकोविच अपने करियर के रिकॉर्ड २५वें ग्रैंड स्लैम खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं। फाइनल में उनका सामना विश्व नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के कार्लोस अल्काराज से होगा। शीर्ष वरीयता प्राप्त अल्काराज ने पहले सेमीफाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को कड़े संघर्ष में ६-४, ७-६, ६-७, ६-७, ७-५ से पराजित किया।
गत चैंपियन सिनर को हराकर ३८ वर्षीय जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले ओपन युग के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। जोकोविच रविवार को अपना ११वां ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ कोर्ट पर उतरेंगे।
इससे पहले अल्काराज ने मैराथन मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव की चुनौती को पार किया। अल्काराज और ज्वेरेव के बीच यह मुकाबला ५ घंटे २७ मिनट तक चला। अल्काराज अब अपने पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब की तलाश में हैं।










