कोलकाता: आनंदपुर के नाजीराबाद इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अब भी अनेक लोग लापता बताए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और इस त्रासदी को गंभीर एवं चिंताजनक बताया।
राज्यपाल ने स्पष्ट कहा कि ऐसी घटनाओं पर आंखें बंद नहीं की जा सकतीं। उन्होंने आग की घटना के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों और संबंधित वेयरहाउस मालिकों को समान रूप से जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि आग लगने से पहले, उसके दौरान और बाद में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण इतनी बड़ी जनहानि हुई।
घटनास्थल पर निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने कहा कि वे दोषारोपण के लिए नहीं, बल्कि तथ्यों की जानकारी जुटाने आए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि प्रशासन को अधिक सतर्क रहना होगा और यह घटना संबंधित अधिकारियों की विफलता को दर्शाती है।
लोकभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने नाजीराबाद जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने भावनात्मक प्रतिक्रियाओं के बजाय दीर्घकालिक और संस्थागत रणनीतियां अपनाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि उत्तरदायित्व शीर्ष स्तर से शुरू होना चाहिए और प्रभावशाली मालिकों व विकासकर्ताओं को किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जानी चाहिए।











