ट्रंप ने कनाडा को दी ५०% शुल्क लगाने की धमकी, विमान व्यापार को लेकर बढ़ा तनाव

0438_638779945483945793

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को चेतावनी दी है कि अमेरिका में बिकने वाले उसके विमानों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया जा सकता है। यह कदम अमेरिका और कनाडा के बीच जारी व्यापार युद्ध का ताजा घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच बढ़ते टकराव के संकेत मिलते हैं।
इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर धमकी दी थी कि यदि कनाडा चीन के साथ कोई व्यापार समझौता करता है तो वह कनाडा से आयातित वस्तुओं पर १०० प्रतिशत शुल्क लगा सकते हैं। हालांकि, उस समय ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया था कि यह आयात शुल्क कब से लागू किया जाएगा, जबकि कनाडा पहले ही चीन के साथ समझौता कर चुका था।
ताजा बयान में ट्रंप ने कहा कि वह यह कार्रवाई कनाडा द्वारा जॉर्जिया स्थित ‘गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस’ के जेट विमानों का प्रमाणन करने से इनकार करने के जवाब में कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके प्रतिशोध में अमेरिका ‘बॉम्बार्डियर’ समेत सभी कनाडाई विमानों का प्रमाणन रद्द करेगा।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में चेतावनी देते हुए कहा, “अगर किसी भी कारण से यह स्थिति तुरंत नहीं सुधारी गई तो मैं अमेरिका में बिकने वाले किसी भी और सभी विमानों पर कनाडा से ५० प्रतिशत शुल्क वसूलूंगा।”

About Author

Advertisement