विशाखापत्तनम: भारत के खिलाफ जारी टी२० अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में न्यूज़ीलैंड को पहली जीत मिली। बुधवार को खेले गए मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने भारत को आसानी से ५० रन से पराजित किया। श्रृंखला के शुरुआती तीन मैच हारने के बाद न्यूज़ीलैंड ने इस मैच में मेज़बान टीम को कोई मौका नहीं दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने २० ओवर में ७ विकेट के नुकसान पर २१५ रन बनाए। टिम सिफर्ट ने ७ चौके और ३ छक्कों की मदद से ३६ गेंदों पर सर्वाधिक ६२ रन बनाए। उन्होंने ओपनर साथी डेवोन कॉनवे के साथ पहले विकेट के लिए ८.२ ओवर में १०० रन की साझेदारी की। कॉनवे ने ४ चौके और ३ छक्कों की मदद से २३ गेंदों पर ४४ रन बनाए। इसके अलावा डैरिल मिचेल ने १८ गेंदों में ३ छक्के और २ चौकों की सहायता से नाबाद 39 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाज़ों में कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह ने २–२ विकेट हासिल किए।
जवाब में भारतीय टीम १८.४ ओवर में १६५ रन पर ऑलआउट हो गई। खराब शुरुआत के बाद शिवम दुबे ने आक्रामक अर्धशतक लगाकर पूरी कोशिश की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। दुबे ने ७ छक्कों और ३ चौकों की मदद से २३ गेंदों पर ६५ रन बनाए। इसके अलावा रिंकू सिंह ने ३९ और संजू सैमसन ने २४ रन बनाए।
न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों में कप्तान मिचेल सैंटनर ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए। वहीं जैकब डफी और इश सोढ़ी ने २–२ विकेट अपने नाम किए।









