मेलबर्न: रिकॉर्ड १० बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच को किस्मत का साथ मिला और बुधवार को खेले गए मैच में लोरेन्ज़ो मुसेटी के चोट के कारण तीसरे सेट में रिटायर होने से वह ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँच गए। पुरुष एकल में इटली के यानिक सिनर भी सेमीफाइनल में पहुँचे। वहीं महिला एकल वर्ग में एलिना रायबाकिना और जेसिका पेगुला ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मुसेटी के खिलाफ मैच में जोकोविच ने पहले दो सेट गंवा दिए थे और उस समय उनकी हार लगभग तय लग रही थी। कड़े दबाव के बीच तीसरे सेट में किस्मत ने सर्बियाई दिग्गज का साथ दिया, क्योंकि पाँचवीं वरीयता प्राप्त मुसेटी चोट के कारण मैच छोड़ने को मजबूर हो गए। मैच से हटते समय मुसेटी ६-४, ६-३, १-३ से आगे थे। तीसरे सेट के तीसरे गेम में दाहिने पैर के ऊपरी हिस्से में चोट लगने के बाद उन्होंने मेडिकल टाइम-आउट लिया। इसके बाद एक गेम खेलने के बावजूद वह चोट के कारण मैच जारी नहीं रख सके। मुसेटी के हटने के समय तीसरे सेट में जोकोविच ३-१ से आगे थे।
इस जीत के साथ ३८ वर्षीय जोकोविच का ऑस्ट्रेलियन ओपन में ११वां खिताब और कुल मिलाकर २५वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना बरकरार रहा। मैच के बाद जोकोविच ने भी स्वीकार किया कि किस्मत ने उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, “मुझे उनके (मुसेटी) लिए दुख हो रहा है। आज वह मुझसे बेहतर खेल रहे थे। आज तो मेरी छुट्टी होने वाली थी। खेल में ऐसा होता है और आज मेरे साथ ऐसा हुआ। आज किस्मत ने साथ दिया।
पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भी मुसेटी बाएँ पैर की चोट के कारण मैच से हट गए थे। उस समय उन्होंने अंततः चैंपियन बने कार्लोस अल्काराज़ के खिलाफ एक सेट जीता था। सेमीफाइनल में अब जोकोविच का मुकाबला विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी यानिक सिनर से होगा। दो बार के चैंपियन सिनर ने क्वार्टर फाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी और आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन को ६-३, ६-४, ६-४ से हराया। यह मैच २ घंटे २३ मिनट तक चला। इस जीत के साथ सिनर लगातार तीसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब के करीब पहुँच गए हैं।
महिला एकल वर्ग में पाँचवीं वरीयता प्राप्त एलिना रायबाकिना और छठी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहाँ इन दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला होगा। रायबाकिना ने विश्व की दूसरी नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक को ७-५, ६-१ से हराया। वहीं छठी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी पेगुला ने अपनी ही देश की और टूर्नामेंट की चौथी वरीयता प्राप्त अमांडा एनिसिमोवा को ६-१, ७-६ (६-१) से पराजित किया। महिला एकल का दूसरा सेमीफाइनल एरिना सबालेंका और एलिना स्वितोलिना के बीच खेला जाएगा। शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका पिछले चार वर्षों में अपना तीसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतने की कोशिश में हैं, जबकि स्वितोलिना पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँची हैं।










