पुरी: ओडिशा के पुरी स्थित १२वीं सदी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह धमकी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को फेसबुक पर सामने आए एक संदेश में न केवल जगन्नाथ मंदिर, बल्कि बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सांसद सुभाषीश खुंटिया और पुरी के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी।
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जिस महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से यह पोस्ट की गई थी, उसने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार करते हुए दावा किया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी आईडी बनाकर यह संदेश पोस्ट किया हो सकता है।
पुरी के साइबर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस बीच, सांसद सुभाषीश खुंटिया ने कहा कि उन्होंने पुरी के पुलिस अधीक्षक से बात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी भरा फोन कॉल भी आया था।
जगन्नाथ मंदिर हिंदू धर्म के चार धामों में से एक है और ओडिशा की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का केंद्र माना जाता है। हर वर्ष आयोजित होने वाली रथयात्रा में लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पुरी पहुंचते हैं।










