स्पेनिश ला लीगा: जीत की राह पर लौटा रियल मैड्रिड, विल्लारियल को हार

IMG-20260118-WA0074

मैड्रिड: लगातार आलोचनाओं के बीच रियल मैड्रिड ने जीत की लय में वापसी कर ली है। स्पेनिश ला लीगा के अंतर्गत शनिवार रात खेले गए मुकाबले में रियल मैड्रिड ने लेवांते को २–० से हराया। यह नवनियुक्त मुख्य कोच अल्वारो अर्बेलोआ के मार्गदर्शन में टीम की पहली जीत रही।
स्पेनिश कप के फाइनल और कोपा डेल रे में हार के बाद रियल मैड्रिड की कड़ी आलोचना हो रही थी, लेकिन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू मैदान सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में आरामदायक जीत दर्ज की। मैच में ७१ प्रतिशत पोजेशन रियल मैड्रिड के पास रहा, जबकि दोनों गोल दूसरे हाफ में आए।
किलियन एम्बाप्पे ने ५८वें मिनट में पेनल्टी के जरिए स्कोरिंग की शुरुआत की, वहीं राउल असेन्सियो ने ६५वें मिनट में दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। इस जीत के बाद रियल मैड्रिड २० मैचों में ४८ अंकों के साथ ला लीगा अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
एक अन्य मुकाबले में रियल बेटिस ने १० खिलाड़ियों तक सिमटी विल्लारियल टीम को २–० से पराजित किया। घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में रियल बेटिस के लिए ऐतोर रूइबाल ने ५७वें और पाब्लो फोर्लान्स ने ८३वें मिनट में गोल किया। विल्लारियल के मिडफील्डर सांती कोमेसाना को ७६वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया।
इस हार के बावजूद विल्लारियल ४१ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि रियल बेटिस ३२ अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया है।
ला लीगा के अन्य मुकाबलों में मालोर्का ने एथलेटिक क्लब को ३–२ से, गिरोना ने एस्पानयोल को २–० से और ओसासुना ने ओविएदो को ३–२ से हराया।

About Author

Advertisement