सिलीगुड़ी: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के १६ जनवरी से शुरू होने वाले तीन दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे को लेकर सिलीगुड़ी में प्रशासन और पार्टी संगठन पूरी तरह से तैयार हैं। शहरभर में भव्य स्वागत की तैयारियाँ चल रही हैं, वहीं सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पहली बार पूरे दौरे के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। माटीगाड़ा और उत्तरकन्या में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा उत्तरकन्या से जुड़े सभी मार्गों को बंद रखा जाएगा। माटीगाड़ा स्थित महाकाल मंदिर के शिलान्यास स्थल को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। यातायात को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी ट्रैफिक विभाग को सौंपी गई है और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिलीगुड़ी पहुँचेंगी और महाकाल मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद उत्तरकन्या में रात्रि विश्राम करेंगी। शनिवार को वह जलपाईगुड़ी में हाईकोर्ट सर्किट बेंच के नए भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी।









