मणिपुर: २०२३ जातीय हिंसा के बाद पहली बार मणिपुर का दौरा करेंगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

IMG-20251119-WA0099

इंफाल: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत दो साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद पहली बार २० नवंबर को मणिपुर पहुँचेंगे, संगठन के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरएसएस के राज्य महासचिव तरुणकुमार शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान, भागवत नागरिकों, उद्यमियों और आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
उन्होंने कहा, “हमारे सरसंघचालक का राज्य का दौरा आरएसएस के शताब्दी समारोह के सिलसिले में है। वह २० नवंबर को गुवाहाटी से आ रहे हैं और २२ नवंबर को रवाना होंगे।”
एक अन्य आरएसएस पदाधिकारी ने बताया कि दो साल पहले भड़की हिंसा के बाद से भागवत का यह पहला दौरा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने आखिरी बार २०२२ में राज्य का दौरा किया था।
शर्मा ने बताया कि उनके कार्यक्रम के तहत, प्रमुख नागरिकों, जनजाति (आदिवासी) समुदाय के प्रतिनिधियों और युवा नेताओं के साथ अलग-अलग संवाद सत्र आयोजित किए जाएँगे।
उन्होंने कहा, “अपने आगमन के दिन, वह इम्फाल के कोंजेंग लेइकाई में एक कार्यक्रम में उद्यमियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों से मिलेंगे। २१ नवंबर को, भागवत मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के आदिवासी नेताओं से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे।”
यह पूछे जाने पर कि क्या आरएसएस प्रमुख राहत शिविरों का दौरा करेंगे, जहाँ पिछले दो वर्षों से आंतरिक रूप से विस्थापित लोग रह रहे हैं, उन्होंने कहा, “यह अभी कार्यक्रम में नहीं है। यह दौरा मुख्यतः संगठन का एक आंतरिक हिस्सा है।”
मई २०२३ से मैतेई और कुकी-ज़ो समूहों के बीच जातीय हिंसा में २६० से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।
राज्य विधानसभा, जिसका कार्यकाल २०२७ तक है, को निलंबित कर दिया गया है।

About Author

Advertisement