पर्थ: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज़ के पहले मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने करियर की एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मैच के साथ ही रोहित भारत की ओर से ५०० अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।
इस खास उपलब्धि के साथ रोहित अब सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। भारत की ओर से सबसे ज़्यादा ६६४ अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर के नाम है। विराट कोहली (५५१), महेंद्र सिंह धोनी (५३५) और राहुल द्रविड़ (५०४) भी ५०० से अधिक मैच खेल चुके हैं।
हालांकि इस ऐतिहासिक मैच में रोहित बल्ले से खास प्रदर्शन नहीं कर सके और सिर्फ ८ रन बनाकर आउट हो गए।
अब तक रोहित ने २७४ वनडे मैचों में ४८ से अधिक की औसत से ११,१७६ रन बनाए हैं, जिनमें ३२ शतक और ५८ अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर २६४ रन है, जो विश्व रिकॉर्ड भी है।
टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने ६७ मैच खेलते हुए ४०.५७ की औसत से १२ शतक और १८ अर्धशतक के साथ ४,३०१ रन बनाए हैं। वहीं टी२० अंतरराष्ट्रीय में रोहित ने १५९ मैचों में १४०.८९ की स्ट्राइक रेट से ५ शतक और ३२ अर्धशतक सहित ४,२३१ रन बनाए हैं।
रोहित अब अपने ५०वें अंतरराष्ट्रीय शतक से केवल एक शतक दूर हैं। अब तक भारत के लिए सिर्फ सचिन तेंदुलकर (१००) और विराट कोहली (८२) ने ५० या उससे अधिक अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए हैं।