कोलकाता: बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और पार्टी के सिलीगुड़ी विधायक शंकर घोष पर पश्चिम बंगाल में भीड़ द्वारा हमला किया गया था।
मंगलवार को लोकसभा सचिवालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से तीन दिनों के भीतर हमले को लेकर तथ्यों से जुड़ी रिपोर्ट मांगी थी। इस बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में राज्यपाल ने राज्य की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में राज्य में जो कुछ हुआ है, वह अस्वीकार्य है। कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। संसद और विधायकों पर हमले हुए हैं। लोकतंत्र में ऐसा नहीं हो सकता। हमें बेहतर पुलिस व्यवस्था की जरूरत है।
राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल ने नार्थ बंगाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों को लेकर अपनी ग्राउंड रिपोर्ट भी सौंपी है। लोगों से बातचीत हुई है और उसकी भी रिपोर्ट राष्ट्रपति को दी गई है।
सांसद और विधायक पर हमला:
हाल में नार्थ बंगाल में आई प्राकृतिक आपदा में अब तक ३२ लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग अभी भी लापता होने की आशंका में हैं। प्रभावित क्षेत्र में गए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर भीड़ ने हमला किया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्यपाल सी वी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सांसद से मिलने अस्पताल गए।
इस हमले की घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्यपाल ने इस हमले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जो हुआ वह अनुचित है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं पर हमले की आलोचना की और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।