कोलकाता: नववर्ष से पहले कोलकाता और बंगाल के अन्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपकंपा दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के साथ ठंडी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कई जिलों में घना कोहरा भी देखने को मिला है। सोमवार को कोलकाता सहित विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूरज के दर्शन नहीं हो सके। हालांकि, अलीपुर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान १३.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से ०.३ डिग्री कम है। रविवार को यह तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था। उल्लेखनीय है कि शनिवार को इस सर्दी के मौसम का सबसे कम तापमान १२.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दक्षिण बंगाल में बांकुड़ा सबसे ठंडा:
दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में कई स्थानों पर तापमान १० डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। बांकुड़ा में सोमवार को न्यूनतम तापमान ९.३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे दक्षिण बंगाल में सबसे कम है। वहीं आसनसोल में ९.५ डिग्री सेल्सियस और बर्दवान में भी ९.५ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कोलकाता महानगर और आसपास के इलाकों में साल्टलेक में १३.८ डिग्री, दमदम में १३.५ डिग्री, बैरकपुर में ११.८ डिग्री, उलुबेरिया में 12.6 डिग्री और कल्याणी में ११.८ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान ५.४ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है और मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत महसूस होगी।









