वेस्टइंडीज के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत से भारत को बड़ा नुकसान

IMG-20251213-WA0050

नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की ९ विकेट से जीत के बाद भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशि (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। भारतीय टीम पाँचवें स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गई है और शीर्ष दो में जगह बनाने की दौड़ में पीछे होती जा रही है।
भारत ने डब्ल्यूटीसी के पहले दो चक्रों में उपविजेता का स्थान हासिल किया था, लेकिन पिछले सत्र में वह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका। गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में खेल रही भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी २०२५–२७ चक्र में भी अब तक कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इसी कारण टीम अंक तालिका के शीर्ष पाँच से बाहर हो गई है।
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में ९ विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ तीन मैचों की श्रृंखला में न्यूजीलैंड ने १–० की बढ़त बना ली है और डब्ल्यूटीसी तालिका में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टेस्ट मैच १८ दिसंबर से खेला जाएगा।
इससे पहले भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू श्रृंखला में ०–२ से हार का सामना करना पड़ा था। उस हार के बाद भारत डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पाकिस्तान से भी नीचे पाँचवें स्थान पर चला गया था। अब न्यूजीलैंड की जीत के बाद शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम को एक बार फिर नुकसान हुआ है।
पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया १०० प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। दक्षिण अफ्रीका ७५ प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड और श्रीलंका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं, दोनों का प्रतिशत ६६.६७ है। पाकिस्तान ५० प्रतिशत अंकों के साथ पाँचवें स्थान पर है, जबकि भारत ४८.१५ प्रतिशत अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
अब यदि एशेज श्रृंखला में इंग्लैंड वापसी करता है, तो भारतीय टीम और नीचे खिसककर सातवें स्थान पर पहुंच सकती है। भारत की अगली टेस्ट श्रृंखला अगस्त २०२६ में श्रीलंका के खिलाफ होगी।

About Author

[DISPLAY_ULTIMATE_SOCIAL_ICONS]

Advertisement