एंटानानारिवो: मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने कहा है कि सैन्य विद्रोह और बढ़ते प्रदर्शन के बीच उनकी जान को खतरा था, इसलिए उन्हें देश छोड़ना पड़ा। राष्ट्रपति ने देश छोड़ने के बाद सोमवार देर रात किसी अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टीवी पर नागरिकों को संबोधित किया, हालांकि उन्होंने इस्तीफे की घोषणा नहीं की।
देश में कई हफ्तों से ‘जेन जेड’ के नेतृत्व में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी थे। स्थिति तब गंभीर हुई जब शनिवार को एक विशेष सैन्य इकाई ने भी प्रदर्शन में भाग लिया और राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग की। राजोइलिना ने इसे सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास बताया।
राष्ट्रपति ने अपने भाषण में कहा कि उन्हें अपने जीवन की सुरक्षा के लिए सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। उन्होंने संविधान के सम्मान और बातचीत का आह्वान किया, लेकिन यह नहीं बताया कि उन्होंने देश कैसे छोड़ा और कहां गए। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्हें फ्रांस के एक सैन्य विमान से बाहर ले जाया गया।
मेडागास्कर फ्रांस का पूर्व उपनिवेश रहा है और राजोइलिना के पास कथित तौर पर फ्रांसीसी नागरिकता भी है। विरोध प्रदर्शन २५ सितंबर को पानी और बिजली की लगातार कटौती के विरोध में शुरू हुए थे।