कोलकाता: कोलकाता ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की २०२३ की रिपोर्ट में देश के सबसे सुरक्षित शहर का खिताब हासिल किया है। प्रति लाख आबादी के हिसाब से अपराध दर के आंकड़ों के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट में कोलकाता का अपराध दर अन्य बड़े शहरों की तुलना में सबसे कम पाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता में प्रति लाख लोगों पर ८३.९ अपराध दर्ज हुए हैं, जो २० लाख से अधिक जनसंख्या वाले १९ शहरों में सबसे कम है। पुलिस ने तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। यही कारण है कि यह शहर लगातार चौथे साल पहले पायदान पर रहा है।
असुरक्षित शहरों में कोच्चि सबसे ऊपर है (३१९२.४ प्रति लाख), दिल्ली दूसरे स्थान पर (२१०५.३) और गुजरात का सूरत तीसरे स्थान पर (१३७७.१) है। सुरक्षित शहरों की सूची में कोलकाता के बाद हैदराबाद (३३२.३), पुणे और मुंबई आते हैं।
महिला सुरक्षा में भी कोलकाता बेहतर स्थिति में है। २०२३ में महिलाओं के खिलाफ १७४६ अपराध दर्ज हुए, जो पिछले वर्षों की तुलना में कम हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध दर २५.७ है, जो देश में तीसरी सबसे कम है। चेन्नई (१७.३) और कोयंबटूर (२२.७) इससे बेहतर स्थिति में हैं।